
शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार हरिहरपुर थाना पहुंचे, जहां थाना प्रभारी (प्रशिक्षु आईपीएस) अंकित सिन्हा ने उनका स्वागत किया। थाना पहुंचने पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों द्वारा एसएसपी को सलामी दी गई। इस दौरान सीईआईआर पोर्टल की मदद से चोरी एवं गुम हुए कुल आठ मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल धारकों ने धनबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि आधुनिक तकनीक और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की ट्रैकिंग कर उन्हें बरामद किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत संबंधित थाना में सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने हरिहरपुर थाना की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख संधारण, लंबित मामलों के निष्पादन तथा आम जनता से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद थे।
0 Comments