-->

रामाकुंडा विद्यालय में छात्राओं को मिला साइकिल का लाभ


गोमो: तोपचांची प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामाकुंडा में 29 मई 2026 को विधायक मथुरा प्रसाद महतो द्वारा 18 छात्राओं के बीच नि:शुल्क साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। इस मौके पर पूर्व मुखिया परशुराम महतो ने विद्यालय को उत्क्रमित हाई स्कूल का दर्जा दिलाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि विद्यालय को हाई स्कूल में अपग्रेड करने का प्रस्ताव जिला स्तर से भेजा जा चुका है और राज्य सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद यह विद्यालय हाई स्कूल के रूप में संचालित हो सकेगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में शौचालय, चहारदीवारी और पेयजल व्यवस्था की समस्याओं को भी विधायक के समक्ष रखा गया। विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने आश्वासन देते हुए कहा कि स्वर्गीय बिनोद बाबू का सपना अवश्य पूरा किया जाएगा तथा विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। वहीं, पीएचडी विभाग की बंद पड़ी पेयजल योजना को लेकर विधायक ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों से बात कर ग्रामीणों की पानी की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व मुखिया परशुराम महतो, गणेश महतो, श्याम रजक, सेवा राम महतो, विजयनाथ महतो, लल्ली देवी, मालती देवी, लीला देवी, अनिल कुमार, तारा प्रसाद महतो, दीपक डाली, कुमारी समेत विद्यालय के छात्र-छात्राएं और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



Post a Comment

0 Comments