-->

धनबाद में बिना लाइसेंस चल रहे थ्री-स्टार होटलों और लॉज पर गिरेगी गाज, निगम ने दिया अल्टीमेटम


धनबाद। धनबाद नगर निगम ने बिना अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के संचालित हो रहे शहर के 172 होटल, लाज, धर्मशाला, बैंक्वेट हाल और विवाह भवनों की सूची सार्वजनिक की है।

इनमें शहर के थ्री स्टार होटल से लेकर छोटे लाज तक शामिल हैं।

निगम ने इन सभी प्रतिष्ठानों को लाइसेंस के लिए आखिरी मौका देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में संचालक आवेदन नहीं करते हैं तो सीलिंग और संचालन पर रोक समेत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को सहायक नगर आयुक्त ने निगम क्षेत्र में बगैर लाइसेंस संचालित होटल, लाज, धर्मशाला, बैंक्वेट हाल और विवाह भवनों की सूची जारी की है।

क्या है मामला

झारखंड सरकार की झारखंड शहरी क्षेत्र धर्मशाला, विवाह भवन, बैंक्वेट हाल, लाज एवं होटल निर्माण एवं अनुज्ञप्ति नियमावली, 2013 के तहत नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी होटल, लाज, धर्मशाला, बैंक्वेट हाल और विवाह भवनों को धनबाद नगर निगम से लाइसेंस लेना अनिवार्य है।

निगम ने पूर्व में समाचार पत्रों के माध्यम से सूचना जारी कर लाइसेंस के लिए आवेदन मांगा था। कई प्रतिष्ठानों ने आवेदन नहीं किया, जिसके बाद उन्हें नोटिस भी भेजा गया।

बावजूद इसके इन प्रतिष्ठानों ने लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं किया। लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं करने वाले 172 प्रतिष्ठानों की सूची को अब नगर निगम ने सार्वजनिक किया है।

सहायक नगर आयुक्त ने जारी की सूचना

सहायक नगर आयुक्त द्वारा छह जून को जारी सूचना में स्पष्ट किया गया है कि सूचीबद्ध सभी प्रतिष्ठानों के स्वामी-संचालकों को नगर निगम की ओर से लाइसेंस प्राप्त करने का अंतिम अवसर दिया जा रहा है।

लाइसेंस के लिए उन्हें अविलंब सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ नगर निगम कार्यालय में आवेदन जमा करना होगा। यदि निर्धारित अवधि में लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं करते हैं तो फिर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

नहीं लिया लाइसेंस तो होगा सील

निगम ने चेतावनी दी है कि तय अवधि के बाद भी लाइसेंस नहीं लेने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध झारखंड शहरी क्षेत्र नियमावली 2013 तथा झारखंड नगर पालिका अधिनियम 2011 के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इसमें प्रतिष्ठान की सीलिंग, संचालन पर रोक और अन्य वैधानिक कार्रवाई शामिल है। इसे अंतिम सूचना माना जाएगा।

छोटे से लेकर बड़े प्रतिष्ठान भी है शामिल

जारी सूची में धनसार चौक स्थित घरौंदा प्रापर्टीज (इंडिया) प्रा. लिमिटेड, होटल स्काईर्लाक, मेमको मोड़ स्थित थ्री इडियट होटल, सेवेन डेज गर्ल्स हॉस्टल, जमाढोबा झरिया का आर्शीवाद भवन, बैंक मोड़ के होटल आकाश रीजेंसी, होटल बीप इन, पुराना बाजार स्थित होटल बांबे, होटल चाणक्य, होटल चंदना, होटल हर्ष, होटल प्रीत विहार, होटल सम्राट, होटल ट्रायोटेल, उत्सव रिजॉर्ट, होटल कोलफिल्ड सहित धनबाद, झरिया, बैंक मोड़, पुराना बाजार, धैया, झरिया, कुसुम विहार आदि क्षेत्रों के 172 होटल, लॉज, हॉस्टल, धर्मशाला और मैरिज हॉल आदि शामिल हैं।







Post a Comment

0 Comments