कतरास : कतरास स्थित कतरी नदी तट पर बने प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में चोरी अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दान पेटी को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। चोरी की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति के सदस्य और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मंदिर परिसर पहुंच गए। लोगों ने धार्मिक स्थल में हुई इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर अंगारपथरा ओपी प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है तथा जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मंदिर परिसर पहुंच स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के कतरास स्थित पवित्र सूर्य मंदिर में चोरी की घटना अत्यंत दुखद, निंदनीय एवं करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुँचाने वाली है। धार्मिक स्थलों की पवित्रता और सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी असामाजिक तत्व को हमारी आस्था, संस्कृति और धार्मिक विरासत के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

0 Comments