-->

महुदा निवासी हरियाणा कैडर के आईएएस पंकज अग्रवाल हेराफेरी में गिरफ्तार


सीबीआई ने हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पंकज अग्रवाल धनबाद जिले के महुदा बाजार के रहने वाले हैं। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के खातों से हुई 60.54 करोड़ रुपए की हेराफेरी के आरोप में सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार किया।

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में संचालित इन खातों से गड़बड़झाले उजागर होने की बात कही जा रही है।

गिरफ्तारी की वजह

हरियाणा सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग और कृषि विभाग में प्रधान सचिव रहे पंकज अग्रवाल की गिरफ्तारी से हरियाणा से लेकर धनबाद तक हड़कंप है। हरियाणा सरकार के दिशा निर्देशों का उल्लंघन करते हुए बैंक की चंडीगढ़ सेक्टर 32 शाखा में खाते खोले गए थे और बाद में उन खातों में निर्धारित सीमा से अधिक धनराशि स्थानांतरित की गई थी। सीबीआई के प्रवक्ता ने बताया कि ये खाते पंकज अग्रवाल के कार्यकाल के दौरान खोले गए थे, तब वे प्रधान सचिव थे। जांच में यह सामने आया है कि इन विभागों के खातों में फर्जी लेन-देन के माध्यम से धनराशि का दुरुपयोग किया गया, जिससे सरकार को कुल 60.54 करोड़ रुपए का शुद्ध नुकसान हुआ। यह मामला उस व्यापक सीबीआई जांच का हिस्सा है, जिसमें हरियाणा सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक खातों से में कुल 657 करोड़ रुपए के कथित गबन की जांच की जा रही है। Cबीआई प्रवक्ता ने कहा कि अवैध लेन-देन के कारण हरियाणा सरकार को कुल 504 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है, जबकि चंडीगढ़ के मामले में यह नुकसान 153 करोड़ रुपए आंका गया है।

पंकज के परिवार का परिचय

पंकज के दो भाई महुदा में चलाते हैं पेट्रोल पंप। पंकज अग्रवाल धनबाद जिले के महुदा बाजार के निवासी हैं। वह पांच भाइयों में सबसे छोटे हैं। उनके सबसे बड़े भाई नंदकिशोर अग्रवाल का महुदा बाजार में पेट्रोल पंप तथा एक सीमेंट की दुकान है। पेट्रोल पंप में पंकज के बड़े भाई अजय अग्रवाल भी बैठते हैं। उनके एक भाई का राजस्थान में व्यवसाय है, जबकि एक अन्य भाई का हिसार में कारोबार है। पंकज अग्रवाल के पिता भी व्यवसायी थे। पंकज की प्रारंभिक शिक्षा महुदा बाजार के एक माध्यमिक स्कूल में हुई थी। दिल्ली से उन्होंने ऑर्गेनिक केमेस्ट्री में एमएससी की थी। वे 2000 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। हरियाणा में वे बड़े-बड़े पदों पर रहे हैं। आईएएस बनने के बाद उनका महुदा आना जाना बहुत कम हो गया था। ज्यादातर समय वे हरियाणा में ही रहते हैं। गिरफ्तारी पर उनके भाई नंद किशोर अग्रवाल ने बताया कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है, वे ऐसा कर ही नहीं सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments