तोपचांची: प्रखंड सभागार में बुधवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ब्राह्मणडीहा शाखा के तत्वावधान में कृषि ऋण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक तथा अन्य बैंक अधिकारी उपस्थित रहे। इसकी जानकारी देते हुए प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार ने कहा कि इस समारोह के दौरान गोविंदपुर एवं तोपचांची क्षेत्र के लाभुकों को कृषि ऋण वितरित किया गया। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों (SHG) को भी ऋण उपलब्ध कराया गया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से कुल मिलाकर करोड़ों रुपये के ऋण का वितरण किया गया है।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि बैंक किसानों, उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने लाभुकों से समय पर ऋण चुकाने तथा प्राप्त राशि का उपयोग रोजगार और आजीविका बढ़ाने में करने की अपील की।
बैंक अधिकारियों ने कहा कि पहले लोग ऋण प्राप्त करने के लिए बैंकों के चक्कर लगाते थे, जबकि अब बैंक स्वयं लोगों तक पहुंचकर उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने और ऋण उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।


0 Comments