गिरिडीह :* जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीहा गांव में मंगलवार सुबह जंगली (देशी) मशरूम खाने से एक ही परिवार के 10 सदस्य बीमार हो गए। मशरूम खाने के कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, नवडीहा गांव निवासी सहदेव वर्मा के घर सुबह नाश्ते में देशी मशरूम और रोटी बनाई गई थी। भोजन करने के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। बीमार होने वालों में नीलम देवी, शिवम कुमार, 12 वर्षीय कृष्ण कुमार, पीयूष कुमार, अभिलाषा कुमारी और सिकंदर कुमार सहित कुल 10 लोग शामिल हैं। इनमें तीन बच्चे और सात वयस्क हैं।
सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने सभी मरीजों का प्राथमिक उपचार शुरू कर उन्हें आयुष्मान वार्ड में भर्ती किया है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीज फिलहाल खतरे से बाहर हैं। समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण उनकी हालत सामान्य है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि जंगली या अपरिचित मशरूम का सेवन करने से बचें, क्योंकि कई प्रजातियां जहरीली होती हैं और गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती हैं।

0 Comments