-->

मौत की सड़क' पर फिर बुझा एक घर का चिराग, कतरास कॉलेज के पास ट्रेलर ने ली 23 वर्षीय युवक की जान

 


बाघमारा : कतरास कॉलेज के समीप एनएच-32 पर मंगलवार को एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। लंबे समय से "मौत की सड़क" के नाम से चर्चित इस मार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आने से 23 वर्षीय विवेक कुमार गुप्ता उर्फ सागर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। विवेक अपनी बाइक से भट्टमुरना की ओर जा रहा था, तभी पानी टंकी के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वह भट्टमुरना मोड़ निवासी संजय गुप्ता का पुत्र था और स्थानीय बाजार में बर्तन की दुकान चलाता था।हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर शव के साथ एनएच-32 को करीब चार से पांच घंटे तक जाम कर दिया। प्रशासन द्वारा सरकारी प्रावधान के तहत सहायता का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त हुआ और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

यह हादसा एक बार फिर कतरास कॉलेज के समीप लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में न तो मानकों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर हैं और न ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, जिसके कारण आए दिन लोगों की जान जा रही है। लोगों ने दुर्घटना संभावित इस स्थल पर तत्काल प्रभाव से स्थायी सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments