गोमो। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) 2026 के तहत गोमो के बूथ संख्या-178 और 179 पर बीएलओ, बीएलए, वॉलिंटियर एवं ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के सत्यापन, घर-घर मतदाता पर्ची वितरण, अनमैपिंग और अनुपस्थित मतदाताओं के सत्यापन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बूथ संख्या-178 की बीएलओ वंदना देवी ने बताया कि निर्वाचन आयोग से प्राप्त सूची के आधार पर ऐसे मतदाताओं की जांच की जा रही है जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी है या जो अपने पते पर नहीं मिल रहे हैं। ग्रामीणों के सहयोग से उनका सत्यापन किया जाएगा। यदि संबंधित मतदाता क्षेत्र में निवास कर रहे हैं तो आवश्यक प्रपत्र भरवाए जाएंगे, जबकि लंबे समय से अनुपस्थित या स्थानांतरित मतदाताओं के मामलों में आयोग के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बूथ संख्या-179 उर्दू प्राथमिक विद्यालय लोको बाजार की बीएलओ मेनका देवी ने बताया कि बैठक में ऐसे मतदाताओं की जानकारी जुटाने पर विशेष जोर दिया गया जो अपने पते पर नहीं मिल रहे हैं। इसके लिए संबंधित मतदाताओं की पर्चियां उपलब्ध कराई गई हैं और घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा।
बूथ संख्या-179 के वॉलिंटियर एवं जगलाल मध्य विद्यालय के विज्ञान शिक्षक मोहम्मद इम्तियाज अली ने बताया कि अभियान के तहत मतदाता सूची और पर्चियां घर-घर पहुंचाई जाएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों से आवश्यक प्रपत्र प्राप्त किए जा सकें और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि एएसडीडी (ASDD) से जुड़े मामलों का भी गहन सत्यापन कर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सभी संबंधित कर्मियों से अभियान को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा करने का आह्वान किया गया।

0 Comments