धनबाद में ठगों ने अंधविश्वास का फायदा उठाते हुए एक बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये के गहने ठग लिए
धनबाद : अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करने वाले गिरोह ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बना लिया. सदर थाना क्षेत्र के बिसनपुर नाला के पास रहने वाली 70 वर्षीय राजकुमारी देवी से तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों रुपये के सोने के आभूषण ठग लिए गए. ठग खुद को तांत्रिक बताकर आए थे और कुछ ही मिनटों में महिला को झांसे में लेकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
पीड़िता के अनुसार, काले कपड़े और हरे गमछे में दो लोग उनके घर पहुंचे. उन्होंने दावा किया कि तंत्र-मंत्र के जरिए घर की परेशानियां दूर कर देंगे. उनकी बातों पर भरोसा कर महिला ने उनके कहने पर कान के झुमके, गले का लॉकेट और हाथ के सोने के कंगन उतारकर गमछे में रख लिया।
इसके बाद ठगों ने महिला से कहा कि वह 51 कदम पीछे चलें और पीछे मुड़कर न देखें. जैसे ही महिला उनके बताए अनुसार आगे बढ़ीं, दोनों ठग गहनों से भरा गमछा लेकर मौके से फरार हो गए. जब महिला वापस लौटीं तो ठगों का कहीं पता नहीं था.
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा.
इस घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग महिला सदमे में हैं, जबकि स्थानीय लोगों ने इसे अंधविश्वास के नाम पर सक्रिय ठग गिरोह की करतूत बताते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं मामले को लेकर थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने कहा कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. पीड़िता के द्वारा शिकायत की गई है.

0 Comments