बीसीसीएल से तत्काल मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास की मांग, कई परिवार घर छोड़ने को मजबूर
धनबाद : बाघमारा अनुमंडल के कतरास स्थित छाताबाद फुटबॉल मैदान के समीप बुधवार रात एक बार फिर जमीन धंसने की घटना सामने आई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लगातार हो रहे भू-धंसान के कारण कई परिवारों ने अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ले ली है। घटना के बाद बीसीसीएल द्वारा प्रभावित क्षेत्र में डोजरिंग कर मिट्टी और ओबी (ओवरबर्डन) से भराई का कार्य जारी है। गुरुवार को धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने पार्षद मोहम्मद शाहबुद्दीन और स्थानीय ग्रामीणों के साथ भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर बसाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
सांसद ने बीसीसीएल के चेयरमैन से दूरभाष पर बातचीत कर भू-धंसान की गंभीर स्थिति से अवगत कराया। साथ ही स्थानीय महाप्रबंधक को निर्देश दिया कि प्रभावित 10 से 12 परिवारों को उचित मुआवजा देकर जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित किया जाए।
गौरतलब है कि सोमवार सुबह पहली बार भू-धंसान की घटना के बाद ग्रामीणों ने करीब 12 घंटे तक छाताबाद पुल पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद बुधवार रात फिर से मोहम्मद कलाम और कौशर के घरों में लगभग छह इंच चौड़ी दरारें पड़ गईं, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कई परिवार सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए, जबकि मोहम्मद मुर्तजा और अकबर समेत अन्य लोगों ने भी अपने घर छोड़ दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक स्थायी समाधान और सुरक्षित पुनर्वास नहीं किया जाता, तब तक उनका भय खत्म नहीं होगा। बीसीसीएल की ओर से फिलहाल भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र में भराई का कार्य जारी है।

0 Comments