अब इलाज के लिए धनबाद जाने की जरूरत नहीं, गोमो में शुरू हुई कई नई स्वास्थ्य सेवाएं
गोमो। क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में गोमो के दृष्टि आई हॉस्पिटल का विस्तार कर उसे मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया गया है। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि अब कई ऐसी चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिनके लिए पहले लोगों को धनबाद या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था।
अस्पताल की संचालिका तबस्सुम नाज़ ने बताया कि शुरुआत में अस्पताल में केवल नेत्र रोगों का इलाज किया जाता था, लेकिन लोगों की मांग और जरूरत को देखते हुए यहां जनरल मेडिसिन की सेवाएं भी शुरू की गई हैं। इसके साथ ही अत्याधुनिक पैथोलॉजी लैब, मेडिसिन शॉप और भर्ती (एडमिशन) की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है, ताकि मरीजों को जांच, इलाज और दवाइयों के लिए अलग-अलग जगह न जाना पड़े।
अस्पताल से जुड़े चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग में डिप्टी डायरेक्टर पद पर कार्यरत अधिकारी डॉक्टर जफरुल्ला ने बताया कि अस्पताल का विस्तार इस उद्देश्य से किया गया है कि गोमो में ही वे सभी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें, जिनके लिए पहले लोगों को धनबाद जाना पड़ता था। उन्होंने बताया कि यहां डायबिटीज, किडनी संबंधी बीमारियों के इलाज की सुविधा शुरू की गई है। आधुनिक कंप्यूटरीकृत लैब में ब्लड जांच, होम कलेक्शन और कम समय में रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आई सर्जरी के साथ-साथ जल्द ही जनरल सर्जरी, महिला रोग विशेषज्ञ (लेडी डॉक्टर) तथा यूरोलॉजिस्ट की सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। भविष्य में क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी नियुक्ति की जाएगी, ताकि लोगों को एक ही परिसर में बेहतर और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि उनका उद्देश्य गोमो एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे मरीजों को छोटे-बड़े इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस क्षेत्र में इस तरह का अस्पताल नहीं था। इस अस्पताल के खुल जाने से गोमो तथा आसपास के ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी। मरीजों को अब धनबाद नहीं जाना पड़ेगा।


0 Comments