-->

धनबाद , झरिया और बाघमारा में भू-धंसान प्रभावित 25 स्कूलों की शिफ्टिंग की कवायद तेज


धनबाद : धनबाद, झरिया व बाघमारा के भू-धंसान व अग्नि प्रभावित क्षेत्रों की चपेट में आ चुके सरकारी समेत अन्य स्कूलों की शिफ्टिंग की कवायद तेज हो गई है।

डीडीसी सन्नी राज की अध्यक्षता में बुधवार को जिला प्रशासन ने उच्चस्तरीय बैठक की। मौके पर बीसीसीएल, सेल समेत अन्य संस्थानों के प्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में 25 स्कूलों की शिफ्टिंग पर चर्चा हुई। इनमें धनबाद के 10, झरिया के सात, बाघमारा के आठ स्कूल शामिल हैं। सूची में कतरास क्षेत्र में पिछले दिनों भू-धंसान क्षेत्र की चपेट में आए नया प्राथमिक विद्यालय टंडाबाड़ी, उर्दू मध्य विद्यालय छाताबाद समेत अन्य स्कूल शामिल हैं। इससे संबंधित पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन भी दिखा गया। प्रजेंटेशन में दिखाया गया कि संबंधित स्कूलों के बच्चों को परेशानी हो रही है। बैठक में चर्चा व विमर्श के दौरान यह बात भी सामने आई कि बीसीसीएल की ओर से संबंधित स्कूलों की शिफ्टिंग के लिए आधारभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाए। बीसीसीएल के अधिकारी व झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय के जेई संयुक्त रूप से भ्रमण कर एक बार फिर से स्थिति की जानकारी ली जाए। वहीं जिन स्कूलों में 10 से 20 बच्चे नामांकित हैं। उन्हें बगल के स्कूलों में शिफ्ट किया जाएगा। संभावना है कि जिला प्रशासन की ओर से आने वाले समय में इससे संबंधित दूसरी बैठक की जाए। इस बाबत डीएसई शालिनी डुंगडुंग ने कहा कि जिला प्रशासन की उच्चस्तरीय बैठक में पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से 25 स्कूलों की स्थिति की जानकारी दी गई। बीसीसीएल चिह्नित स्कूलों के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए। स्कूल शिफ्टिंग के लिए सुविधाएं जरूरी हैं, ताकि बच्चों को कोई परेशानी न हो। मौके पर अपर समाहर्ता प्रदीप शुक्ला, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय झा, भू-धंसान प्रभावित संबंधित महाप्रबंधक बीसीसीएल, मुख्य महाप्रबंधक सेल टासरा प्रोजेक्ट, भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र के बीईईओ, बीपीओ, कनीय अभियंता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे。

टंडाबाड़ी स्कूल का निजी भवन में संचालन

जानकारों का कहना है कि एनपीएस टंडाबाड़ी स्कूल पर जमींदोज होने का खतरा है। वर्तमान में विद्यालय का संचालन एक निजी भवन में हो रहा है। विद्यालय का सामान बीसीसीएल की कैंटीन में रखा गया है। कई स्कूलों की विद्यालय प्रबंधन समिति ने स्कूल को शिफ्ट करने से इनकार कर दिया है।

बीसीसीएल ने मोड़ा मुंह, नहीं उपलब्ध कराया भवन

एनपीएस केशलपुर के संबंध में जानकारी दी गई कि पांच वर्ष पूर्व विद्यालय भवन को बीसीसीएल की ओर से तोड़ दिया गया था, लेकिन अबतक बीसीसीएल की ओर से भवन उपलब्ध नहीं कराया गया है। एनपीएस कांटापहाड़ी के बारे में बताया गया कि विद्यालय का संचालन मध्य विद्यालय महावीर अंगारपाथरा में किया जा रहा है, अबतक बीसीसीएल की ओर से भवन उपलब्ध नहीं कराया गया है।

तीन प्रखंडों से इन स्कूलों की शिफ्टिंग की तैयारी

धनबाद : प्राथमिक विद्यालय सेंद्रा बांसजोरा नंबर 10, प्राथमिक विद्यालय सेंद्रा, एनपीएस पंजाबी धौड़ा, उत्क्रमित जोगता हरिजन, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय कुसुंडा नंबर 7, उत्क्रमित कुम्हार टोला भूइंया बस्ती, प्राथमिक विद्यालय बसेरिया नंबर एक, उत्क्रमित मध्य विद्यालय खैरा, नया प्राथमिक विद्यालय बसेरिया बस्ती, सेंट्रल करकेंद।

झरिया : नया प्राथमिक विद्यालय लोदना 6 नीचे धौड़ा, मध्य विद्यालय सेंट्रल कुजामा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय पाध्याडीह, प्राथमिक विद्यालय खास भगतडीह, प्राथमिक विद्यालय हिन्दी भौंरा नंबर 12, डीएवी उवि टासरा, उमवि रोहरबांध।

बाघमारा : एनपीएस टंडाबाड़ी, उमवि न्यू तेतुलिया, प्रावि आकाशकिनारी, उर्दू मवि छाताबाद, प्रावि भाटडीह, एनपीएस मंडल केन्दुआडीह, एनपीएस केशलपुर हाउस, एनपीएस कांटापहाड़ी।

Post a Comment

0 Comments