-->

बोकारो तेलमोचो पुल के निकट भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, एक घायल


बोकारो स्टील सिटी : धनबाद–बोकारो मुख्य पथ पर तेलमोचो पुल के निकट सोमवार देर रात करीब ढाई बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। विपरीत दिशा से आ रही एक दशचक्का ट्रक और हुण्डई क्रेटा कार (संख्या JH09V 0410) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के दो टायर घटनास्थल पर ही टूटकर अलग हो गए, वहीं कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार दो लोगों में से एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वहीं कार में सवार अजय कुमार तिवारी, जो बोकारो सेक्टर-9 ऑफिसर कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार धनबाद से बोकारो की ओर आ रही थी, जबकि ट्रक बोकारो से धनबाद की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान तेलमोचो पुल के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments