बीते बुधवार की देर रात तोपचांची थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक छह वर्षीया मासूम बच्ची माही की जान चली गई। यह घटना तोपचांची थाना के पास घटी जब एक मोटरसाइकिल सवार पिंटु महली अपनी बाइक से पत्नी, पुत्री और एक वर्ष के पुत्र के साथ कहीं से लौट रहे थे। लौटने के दौरान तोपचांची थाना के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, बाइक पर आगे बैठी उनकी छह वर्षीया बेटी माही कुमारी सड़क के बीच में जा गिरी तभी पीछे से आ रही एक ट्रेलर कुचलते तेज रफ्तार में निकल गयी। इस घटना में माही कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। संयोग अच्छा रहा कि इस दर्दनाक हादसे में उनका एक वर्ष पुत्र बाल-बाल बच गया। सूचना मिलते ही तुरंत तोपचांची पुलिस पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेजा। बाइक पर सवार पिंटू महली चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तरंगा बस्ती के रहने वाले बताए गये हैं। इधर घटना की जानकारी जुटाने के लिए तोपचांची पुलिस सीसीटीवी की मदद से फरार ट्रेलर की पहचान करने की कोशिश में लगी है।

0 Comments