धनबाद : बीसीसीएल धनबाद में कोल इंडिया के सहयोग से 350 करोड़ की लागत से 200 बेड का अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाएगा। यह अस्पताल अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने का प्लान तैयार किया गया है। प्रस्तावित अस्पताल के लिए जमीन और आधारभूत संरचना को लेकर मई के प्रथम सप्ताह में कमेटी का गठन किया जाएगा। इससे संबंधित प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस परियोजना पर करीब 350 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बीसीसीएल की जमीन पर बनने वाले इस अस्पताल को सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है।
आम जनता को भी मिलेगा लाभ
यह अस्पताल केवल बीसीसीएल के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, बोकारो और आसपास के लाखों लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। यहां कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगा।
वर्तमान में कोयलांचल के मरीजों को इलाज के लिए रांची, कोलकाता या दिल्ली जाना पड़ता है। अस्पताल बनने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
उच्च स्तरीय टीम ने शुरू किया अध्ययन
बीसीसीएल के सीएमडी के निर्देश पर एक उच्च स्तरीय टीम ने अध्ययन कार्य शुरू कर दिया है। सीएमडी स्वयं इस रिपोर्ट की निगरानी कर रहे हैं। अस्पताल में विदेशी स्तर की आधुनिक तकनीक लगाई जाएगी, ताकि मरीजों को मेट्रो शहरों जैसी चिकित्सा सुविधा धनबाद में ही मिल सके।
संचालन पर मंथन, पीपीपी मॉडल भी विकल्प
अस्पताल के संचालन, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर नीति बनाई जा रही है। पीपीपी मॉडल या ट्रस्ट के माध्यम से संचालन के विकल्पों पर विचार किया जा रहा है, ताकि अस्पताल का प्रबंधन पेशेवर तरीके से हो और गुणवत्ता बनी रहे।

0 Comments