तोपचांचीः जिला समाज कल्याण कार्यालय, धनबाद की ओर से गुरुवार को तोपचांची प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में बाहा जोआक संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग की जानकारी देना था। कार्यक्रम का उद्घाटन टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो और प्रखंड प्रमुख आनंद महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण से बचाव और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही तीन बच्चियों को सेनेटरी पैड का हैम्पर भी वितरित किया गया। मौके पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में इसे लेकर झिझक और भ्रांतियां बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप ने कहा कि किशोरियों और महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सही जानकारी के अभाव में कई महिलाएं स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करती हैं, इसलिए जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है। प्रखंड प्रमुख आनंद महतो ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा तभी स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में तोपचांची अंचलाधिकारी नीलू टुडू, सीडीपीओ ममता साह, डॉक्टर संध्या शुक्ला, अमर राठौर, विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौथीं, कनक कांति मेहता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं किशोरियां उपस्थित थीं।

0 Comments