धनबाद: लोयाबाद कांड, युवा नेता हीरालाल महतो व रजनी रवानी पर हुए हमले तथा दर्ज कथित फर्जी मुकदमों के विरोध में आजसू पार्टी ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। पार्टी का केंद्रीय जांच दल 2 जून को अपनी रिपोर्ट केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री Sudesh Mahto को सौंपेगा। वहीं जून के प्रथम सप्ताह में धनबाद जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर मशाल जुलूस निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
यह निर्णय बोकारो, धनबाद और गिरिडीह जिलों की संयुक्त बैठक में लिया गया। मेमको मोड़ स्थित रीत रिसॉर्ट में आयोजित बैठक में पूर्व विधायक Lambodar Mahto मुख्य अतिथि तथा केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता धनबाद जिला अध्यक्ष मंटू महतो ने तथा संचालन जिला प्रधान सचिव रामा शंकर तिवारी ने किया।
डॉ. लंबोदर महतो ने कहा कि माफिया राज, जानलेवा हमलों, अवैध कोयला खनन और झूठे मुकदमों के खिलाफ 1 से 12 जून तक जिले के सभी प्रखंडों में मशाल जुलूस और विरोध मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने प्रत्येक पंचायत में युवा आजसू के दो-दो तथा महिला प्रकोष्ठ की एक-एक प्रभारी नियुक्त करने का निर्देश दिया। साथ ही 22 जून को पार्टी स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया।
केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि हीरालाल महतो एवं रजनी रवानी पर हुए हमले और दर्ज मुकदमों के मामले में पार्टी न्याय के लिए संघर्ष करेगी। जिला अध्यक्ष मंटू महतो ने आरोप लगाया कि घटना की आशंका को लेकर पूर्व में थाना को लिखित सूचना दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की भूमिका पर सवाल उठते हैं।
बैठक में राज्य सरकार से लोयाबाद हमले में शामिल आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पुलिस-माफिया गठजोड़ की सीबीआई जांच की मांग की गई। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विभिन्न प्रखंडों के प्रभारियों की भी घोषणा की गई।
बैठक में नजरुल हसन हाशमी, राधेश्याम गोस्वामी, संतोष महतो, यशोदा देवी, काशीनाथ सिंह, बबीता देवी, प्रमोद चौरसिया, विनय सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

0 Comments