धनबाद : वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी सहयोगी मेजर ने पूछताछ में पुलिस के पास कई खुलासे किए हैं।
मेजर ने पुलिस को बताया कि झरिया विधायक रागिनी सिंह को दी गई धमकी के पीछे प्रिंस खान का सीधा हाथ था।
इसकी वजह उसका भाई बंटी खान बना।
वहीं पूछताछ में मेजर ने धनबाद के कई व्यवसायी उद्योगपति व ठेकेदार व राजनीतिक दल के नेताओं के नाम बताए हैं, जिनका प्रिंस के साथ साठगांठ है।
पुलिस मेजर के सभी बयान का सत्यापन करने में जुटी है। कुछ नेताओं, ठेकेदारों व मीडिया कर्मी के साथ प्रिंस खान की बातचीत के साक्ष्य भी पुलिस को मिले हैं।
मेजर ने पुलिस को बताया है कि विधायक रागिनी सिंह के द्वारा प्रिंस खान के खिलाफ मीडिया में बयान दिया गया था।
जिसके बाद जेल में बंद प्रिंस के भाई बंटी खान ने यह बात प्रिंस तक पहुंचाई और उसे प्रिंस को इसके जवाब में वीडियो जारी करने के लिए उकसाया, जिसके बाद प्रिंस खान ने विधायक के खिलाफ एक धमकी भरा वीडियो जारी किया था।
इस घटना के बाद धनबाद जेल में तनाव बढ़ गया था। मेजर ने पुलिस को बताया कि प्रिंस खान द्वारा रागिनी सिंह के खिलाफ जारी विडियों के बाद जेल के अंदर काफी बवाल हुआ था।
बंटी खान और प्रिंस खान समर्थकों की पिटाई भी हुई थी, जिससे हालात और बिगड़ गए थे।
मेजर ने यह भी खुलासा किया है कि जिले में 60- 70 व्यवसायी ऐसे हैं, जो नियमित रूप से प्रिंस खान को रंगदारी देते है।
इन व्यवसायियों के नाम भी उसने पुलिस को बताए हैं। पुलिस अब आयकर विभाग और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए लेन-देन की पुष्टि में जुटी है।
पिछले दिनों निगम चुनाव के दौरान सिंह मेंशन परिसर में बमबाजी की घटना को लेकर भी मेजर से पुलिस ने पूछताछ की। मेजर ने इस घटना में प्रिंस की संलिप्तता से इनकार किया है।
मेजर ने पुलिस को यह भी कहा है कि सत्ता पक्ष को छोड़ विभिन्न दलों के कई नेताओं का भी प्रिंस खान को संरक्षण प्राप्त है।
हालांकि पुलिस को पूर्व से ही कुछ नेताओं के प्रिंस खान से बातचीत के साक्ष्य भी मिले हैं। कुछ बिंदुओं पर सत्यापन पुलिस अब भी कर रही है।

0 Comments