धनबाद। जिले में होमगार्ड बहाली को लेकर चयनित अभ्यर्थियों का आक्रोश सामने आया है। रविवार को चयनित अभ्यर्थियों ने बैठक की और वर्ष 2017 की बहाली को लेकर राज्यपाल से मिलने तथा आगामी पांच मई को एक दिवसीय धरना देने का निर्णय लिया है।
अभ्यर्थियों की मांग है कि बहाली की सीबीआई जांच हो, ताकि सीडी और हार्डडिस्क गायब करने वालों पर उचित कार्रवाई हो।
बैठक के दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण में उनकी कोई गलती नहीं है। धांधली और गड़बड़ी होमगार्ड के अधिकारियों के स्तर से की गई।
सीडी और हार्ड डिस्क जिला प्रशासन के कब्जे से गायब हुई। फिर इसके बाद भी इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है।
अभ्यर्थियों ने कहा कि दूसरे की गलती की सजा वे लोग भुगत रहे हैं। अभ्यर्थियों ने बताया कि डुमरी विधायक जयराम महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग करेगा।
यह है मामला
वर्ष 2017 में धनबाद जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के होमगार्ड बहाली को लेकर सूचना निकाली गई थी। इसी सूचना के आधार पर रेलवे मैदान धनबाद में शारीरिक जांच एवं तकनीकी दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया।
उस वक्त पूरी बहाली प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करायी गई थी। इस बहाली के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची भी जारी की गई, लेकिन बाद के दिनों में बहाली में धांधली करने और पैसों का लेने देने संबंधी वीडियो सामने आने के बाद इसे रद कर दिया गया।
बहाली से संबंधित वीडियो की सीडी भी जिला प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया था। मामले की जब जांच शुरू हुई तो सीडी और हार्डडिस्क गायब मिले। जिसका अता पता आज तक नहीं चल पाया है। राज्य सरकार के स्तर से इस बहाली को रद कर दिया गया।

0 Comments