
तोपचांची: प्रखंड के विभिन्न गांवों में बढ़ते पेयजल संकट को देखते हुए आजसू नेता सदानंद महतो ने क्षेत्र के सांसद, विधायक तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने ग्रामीणों को नियमित और सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। अपने पत्र में सदानंद महतो ने विशेष रूप से दुमदुमी पंचायत और तोपचांची पंचायत की स्थिति का उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि इन पंचायतों के गांवों में पहले लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित जमुनिया जलापूर्ति योजना के माध्यम से पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन यह योजना लंबे समय से बंद पड़ी है। इसके कारण ग्रामीणों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें पेयजल के लिए काफी परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जहां जमुनिया योजना बंद है, वहीं तोपचांची झील जलापूर्ति व्यवस्था क्षेत्र के काफी नजदीक उपलब्ध है और वर्तमान में लगभग 2 किलोमीटर के दायरे तक संचालित हो रही है। ऐसे में दुमदुमी और तोपचांची पंचायत के सभी गांवों को इस जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ा जा सकता है। सदानंद महतो ने अपने पत्र में मांग की है कि दोनों पंचायतों के गांवों को तोपचांची झील आधारित जलापूर्ति योजना से जोड़ा जाए, ताकि कम दूरी होने के कारण आसानी से और नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उनका कहना है कि इससे न केवल समय और सरकारी संसाधनों की बचत होगी, बल्कि वर्षों से पानी की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को भी बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
0 Comments