तोपचांचीः धनबाद जिले के तोपचांची झील में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। नहाने के दौरान डूब रहे युवक को बचाने के लिए एक युवाक झील में कूद गया, लेकिन गहरे पानी में दोनों डूब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार झरिया निवासी अमन झुंझुनवाला तोपचांची झील स्थित लीची बगान के पास नहा रहा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अमन को डूबता देख गोविंदपुर निवासी मोहम्मद अरमान आलम बिना देर किए उसे बचाने के लिए झील में छलांग लगा दी।
लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों युवक खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते पानी में डूब गए। घटना को देख मौके पर मौजूद अन्य युवकों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना तोपचांची थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे से अधिक मशक्कत के बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया।
अमन झुंझुनवाला को पहले तोपचांची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे धनबाद रेफर कर दिया गया। वहीं मोहम्मद अरमान आलम को सीधे धनबाद पीएमसीएच ले गया। लेकिन डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। वहीं तोपचांची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

0 Comments