-->

तोपचांची में बीडीओ एजाज हुसैन अंसारी को भावभीनी विदाई, नूपुर कुमारी का हुआ स्वागत



तोपचांची: प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में शनिवार, 20 जून 2026 को निवर्तमान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मोहम्मद एजाज हुसैन अंसारी के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। साथ ही नवपदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी सुश्री नूपुर कुमारी का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार महतो, अंचलाधिकारी नीलू टुडू, उप प्रमुख हेमलाल महतो, मुखिया संघ अध्यक्ष प्रसिद्ध सिंह, सांसद प्रतिनिधि हनी नारंग, निरंजन मंडल सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के अधिकारी-कर्मी तथा अन्य विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पूर्व में स्थानांतरित कार्यालय प्रमुख महेंद्र रवानी एवं कार्यालय कर्मी हमीदा बेगम को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई।

अपने संबोधन में प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार महतो ने एजाज हुसैन अंसारी के साथ कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। साथ ही नवपदस्थापित बीडीओ नूपुर कुमारी से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी बारी-बारी से एजाज हुसैन अंसारी के साथ अपने कार्य अनुभव साझा किए।

विदाई संबोधन में एजाज हुसैन अंसारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से आम जनता की समस्याओं का सरल एवं प्रभावी समाधान संभव है।

वहीं नवपदस्थापित बीडीओ नूपुर कुमारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि उनके सहयोग और समर्पण के बल पर आम लोगों की सेवा और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड प्रमुख आनंद कुमार महतो के नेतृत्व में मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्यों के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का संचालन कनक कांति मेहता ने किया।






Post a Comment

0 Comments