-->

थम रहा नहीं झारखंड स्टेट बार काउंसिल का बवाल, अब जितेंद्र कुमार की अगुवाई में 19 सदस्यों ने की नई टीम की मांग


धनबाद बना झारखंड स्टेट बार काउंसिल की राजनीति का केंद्र, चीफ रिटर्निंग ऑफिसर को भेजा गया संयुक्त पत्र

तत्काल प्रथम हाउस मीटिंग बुलाने की सर्वसम्मति से मांग की

धनबाद : झारखंड स्टेट बार काउंसिल की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर धनबाद रविवार को राज्य की बार काउंसिल की राजनीति का केंद्र बन गया। धनबाद के इतिहास में यह पहला अवसर है जब निर्वाचित कौंसिल के सदस्य यहाँ पहली बार जुटे।

धनबाद बार एसोसिएशन के महासचिव एवं झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नवनिर्वाचित सदस्य जितेंद्र कुमार की पहल और नेतृत्व में धैया स्थित आमंत्रण ग्रीन में 22 निर्वाचित सदस्यों में से 19 सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।

करीब चार घंटे तक चली मैराथन बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन में हो रही देरी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल प्रथम हाउस मीटिंग बुलाने की मांग उठाई गई। बैठक की अध्यक्षता एवं समन्वय कर रहे जितेंद्र कुमार ने कहा कि निर्वाचित सदस्यों की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित होने के बावजूद अब तक प्रथम बैठक नहीं बुलाया जाना अधिवक्ताओं के हितों के विपरीत है।

उन्होंने कहा कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि का चुनाव शीघ्र होना चाहिए, ताकि बार काउंसिल का नियमित कार्य शुरू हो सके और अधिवक्ताओं के कल्याण से जुड़े कार्यों में तेजी आए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को संयुक्त पत्र भेजकर प्रथम बैठक तत्काल बुलाने और नई कार्यकारिणी का गठन शीघ्र कराने का आग्रह किया जाएगा। सदस्यों ने अधिवक्ता कल्याण, परिषद की भावी कार्ययोजना तथा सर्वसम्मति से नेतृत्व के चुनाव सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में जितेंद्र कुमार, रिकू भगत, मौली सिन्हा, नीलेश कुमार, मनोज कुमार-2, मनोज कुमार (तृतीय), ललित यादव, ए.एन. चतुर्वेदी, प्रशांत सिंह, अनिल तिवारी,राजकुमार, परमेश्वर मंडल, अनिल महतो, अनिल तिवारी, संजय विद्रोही, अभिषेक भारती और मृत्युंजय श्रीवास्तव सहित कुल 19 निर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे।

वहीं मीरा कुमारी, निवेदिता कुडु. एवं मधुलता ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुईं। इस अवसर पर धनबाद बार एसोसिएशन के अधिवक्ता पंकज कुमार वर्मा, मुकुल तिवारी, सुभोध कुमार, सीतेश कुमार सिंह, डेविड एवं अमित सिंह ने सभी निर्वाचित सदस्यों का स्वागत किया।

Post a Comment

0 Comments