-->

ड्राइविंग सीखने के चक्कर में ली दो की जान


गोमो- तोपचांची मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। 

बताया जा रहा है की ड्राइविंग सीखने के दौरान तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक सवार गुलाम नवी और झनवा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल तोपचांची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय कार में तोपचांची के चार नाबालिग युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि उनमें से एक युवक कार चलाना सीख रहा था। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से जा भिड़ी। इस भीषण टक्कर में दो निर्दोष लोगों की जान चली गई।

सूत्रों के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त कार तोपचांची के एक फल व्यवसायी रवि की बताई जा रही है। वहीं मृतक गुलाम नवी और झनवा देवी राजगंज के जरमुनई गांव से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

फिलहाल तोपचांची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

0 Comments