-->

तोपचांची में असंगठित मजदूरों के लिए विशेष निबंधन अभियान, श्रम विभाग ने किया जागरूक।


 तोपचांची: प्रखंड क्षेत्र के असंगठित मजदूरों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा विशेष निबंधन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न पंचायतों में शिविर लगाकर पात्र मजदूरों का असंगठित मजदूर (लेबर) कार्ड निःशुल्क बनाया जा रहा है।

श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी प्रेम कुमार नायक ने बताया कि निर्माण कार्य से जुड़े मजदूरों को छोड़कर दुकान संचालक, ठेला एवं रिक्शा चालक, टेंपू चालक, दर्जी, मैकेनिक सहित अन्य असंगठित क्षेत्र में कार्यरत मजदूर इस योजना के तहत अपना निबंधन करा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्ड बनवाने के लिए सरकार की ओर से कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।

उन्होंने बताया कि लेबर कार्ड बनने के बाद मजदूरों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। सामान्य मृत्यु होने पर परिजनों को 50 हजार रुपये, जबकि दुर्घटना में मृत्यु होने पर 1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। वहीं, महिला मजदूरों को दो बच्चों तक मातृत्व लाभ के रूप में 15-15 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इसके अलावा औजार सहायता योजना के तहत पात्र मजदूरों के बैंक खाते में 5 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है, जिससे वे अपनी आवश्यकता के अनुसार औजार खरीद सकें।

प्रेम कुमार नायक ने बताया कि 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग के पात्र असंगठित मजदूर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। हालांकि छात्र, गृहिणी तथा जिनका पीएफ कटता है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि 21 जुलाई को सुकुडीह में विशेष निबंधन शिविर आयोजित किया जाएगा। साथ ही गुनघुस्सा पंचायत में भी शिविर लगाया जाएगा। आसपास के सभी पात्र मजदूरों से शिविर में पहुंचकर अपना लेबर कार्ड बनवाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई।

अंत में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी प्रेम कुमार नायक ने कहा कि श्रम या लेबर कार्ड से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए मजदूर सीधे तोपचांची प्रखंड कार्यालय में उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से इस जानकारी को अधिक से अधिक मजदूरों तक पहुंचाने की भी अपील की।



Post a Comment

0 Comments