-->

बेलगड़िया के छात्रों को मिला आईआईटी (आईएसएम) में निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण का स्वर्णिम अवसर।


धनबाद : धनबाद जिला प्रशासन तथा बैंक ऑफ़ इंडिया सोशल फाउंडेशन की संयुक्त पहल के तहत बेलगड़िया के युवाओं को उन्नत डिजिटल एवं व्यावसायिक कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से 'डी-युवा' (धनबाद युथ अपग्रेडेशन थ्रू वोकेशनल एंड एडवांस्ड डिजीटल स्किल्स) कार्यक्रम का शुभारंभ 5 अगस्त 2026 को आईआईटी (आईएसएम) में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, आईआईटी (आईएसएम) के प्रोफेसर धीरज कुमार तथा बैंक ऑफ़ इंडिया के आंचलिक प्रबंधक दिनेश प्रसाद द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। 

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बेलगड़िया के युवाओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त करने का यह स्वर्णिम अवसर है। इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन विगत एक साल से प्रयासरत था। आईआईटी (आईएसएम) जैसे संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करना बेलगड़िया के युवाओं के लिए गौरवशाली क्षण है। सभी युवाओं को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाना चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र से बेलगड़िया शिफ्ट हुए युवाओं को अच्छी व्यवस्था देने के लिए जिला प्रशासन प्रयास कर रहा है। यह उसकी मात्र एक शुरुआत है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर उन्हें रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उपायुक्त ने कहा कि प्रतिवर्ष 900 बच्चों को प्रशिक्षण दिया जाएगा और यह प्रशिक्षण 3 वर्ष के लिए रहेगा। जिसे कंप्यूटर में जितना आता है वहीं से कोर्स की शुरुआत होगी तथा बेलगड़िया के युवाओं के लिए प्रशिक्षण निःशुल्क रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इसका उद्देश्य जिले के युवाओं, विशेष रूप से बेलगड़िया के युवाओं, को आधुनिक तकनीक, कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एंट्री और ऑफिस असिस्टेंट, कंप्यूटर एप्लीकेशन, डेटा साइंस, पायथन-आधारित डेटा क्यूरेशन और एनोटेशन व वेब डेवलपमेंट में सक्षम बनाना है एवं डिजिटल कौशल में सक्षम बनाकर उन्हें भविष्य के रोजगार एवं अवसरों के लिए तैयार करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से उनको आधुनिक कंप्यूटर लैब और विशेषज्ञ मार्गदर्शकों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनमें कौशल विकास और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा मिलेगा।

उपायुक्त ने सभी छात्रों से प्रशिक्षण के दौरान अनुपस्थित नहीं रहने, नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त करने और कोर्स को पूरा करने का आग्रह किया। 

उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क मानकों के अनुसार युवाओं को कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम बैंक ऑफ़ इंडिया, सोशल फाउंडेशन की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत आयोजित किया जा रहा है। इसका क्रियान्वयन ए.सी.आइ.सी. आईआईटी (आईएसएम) फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं के लिए सबसे श्रेष्ठ कार्यक्रमों में से एक है। सभी युवा इसका पूरा लाभ उठाएँ। उन्होंने कहा यहां प्रशिक्षण लेने वाले युवा खुशकिस्मत हैं कि उनको देश के सबसे अच्छे सेंटर में प्रशिक्षण मिल रहा है। यहां से मिला प्रशिक्षण हमेशा उनकी मदद करेगा।

उन्होंने कहा कि युवा जितना सशक्त होगा देश भी उतना ही सशक्त बनेगा। उन्होंने बेलगड़िया के युवाओं को इस सुनहरे मौके का लाभ उठाकर पूरी लगन और मेहनत से पाठयक्रम पूरा करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में बैंक ऑफ़ इंडिया के आंचलिक प्रबंधक श्री दिनेश प्रसाद व आईआईटी आईएसएम के प्रोफेसर धीरज कुमार ने भी अपना संबोधन दिया। दोनों ने डिजिटल साक्षरता, भविष्य की चुनौतियां, डिजिटल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा इत्यादि पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के समापन पर सहायक श्रम आयुक्त श्री प्रवीण कुमार एवं ए.सी.आइ.सी. आईआईटी (आईएसएम) फाउंडेशन की सीईओ डॉ आकांक्षा सिन्हा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इसके बाद उपायुक्त ने आधुनिक कंप्यूटर लैब का भ्रमण किया। उन्होंने छात्रों से संवाद किया और घोषणा की कि हर बैच में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवा को कंप्यूटर या टैबलेट दिया जाएगा। साथ में कहा कि यदि प्रशिक्षण ले रहे 10-12 युवा आसपास के स्कूल-कॉलेज में प्रशिक्षण जारी करना चाहेंगे तो उनके लिए छुट्टी के बाद भी क्लास करने की व्यवस्था जिला प्रशासन सुनिश्चित करेगा।

बेलगड़िया के युवाओं ने भी उपायुक्त को इस पहल के लिए धन्यवाद दिया। युवाओं ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें आईआईटी (आईएसएम) जैसे देश के श्रेष्ठ संस्थान में प्रशिक्षण लेने का मौका मिलेगा।

मौके पर बैंक ऑफ़ इंडिया के उप आंचलिक प्रबंधक श्री अभ्रतनु चंद, एलडीएम श्री अमित कुमार, बीओआइ कंबाइंड बिल्डिंग शाखा के शाखा वारिये प्रबंधक श्री अभिजीत गुप्ता, बैंक ऑफ़ इंडिया आंचलिक कार्यालय के अधिकारी, डीएमएफटी टीम लीडर श्री शैलेश तिवारी के अलावा अधिक संख्या में बेलगड़िया से प्रशिक्षण प्राप्त करने आए युवा तथा उनके अभिभावक उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments